बिना लाइसेंस स्टॉकिंग का खुलासा, दवा निरीक्षकों ने मारा छापा
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी-नालागढ़ के फार्मा हब में अवैध दवाओं के भंडारण के खिलाफ ड्रग्स कंट्रोल एडमिनिस्ट्रेशन ने बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय एजेंसियों से मिले इनपुट पर दवा निरीक्षकों की टीमों ने कई परिसरों में एक साथ छापा मारकर भारी मात्रा में दवाएं जब्त कीं। बद्दी के एक बिना लाइसेंस वाले परिसर से करीब 1,200 किलो ढीली गोलियां बरामद हुईं, जिनमें टैपेंटाडोल होने का संदेह है। इसके अलावा एंटीबायोटिक, दर्द निवारक, एंटी-एलर्जिक और गैस्ट्रिक दवाओं का स्टॉक भी मिला। मौके पर दवाओं के भंडारण से संबंधित वैध लाइसेंस और दस्तावेज नहीं मिले। जब्त दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
ड्रग विभाग की दूसरी टीम ने सरिका बायोटेक, जाकतखाना में तलाशी के दौरान लाल रंग की ढीली गोलियां बरामद कीं। इनके भंडारण का वैध लाइसेंस भी प्रस्तुत नहीं किया जा सका। कंपनी प्रतिनिधि की निशानदेही पर 2-3 किलोमीटर दूर स्थित अलग गोदाम में भी छापा मारा गया, जहां कच्चा माल, तैयार दवाएं और पैकेजिंग सामग्री मिली। विभाग ने सभी सामग्री को जब्त कर नमूने जांच के लिए भेजे हैं। मामलों में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18(सी) सहित अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। जब्त सामग्री को अदालत के समक्ष पेश किया गया है।
कोट
राज्य दवा नियंत्रक डॉ. मनीष कपूर ने कहा कि अवैध निर्माण, भंडारण और दवा वितरण के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने कहा कि हिमाचल के फार्मा उद्योग की छवि खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। - डॉ. मनीष कपूर, राज्य दवा नियंत्रक