सभी छोटी 16 ट्रांसपोर्ट यूनियनें एकजुट
महागठबंधन बनाया, हिमालय पिकअप यूनियन का इंतजार 10 तक
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। बद्दी-बरोटीवाला में अलग-अलग कार्य कर रहीं 16 यूनियनों की एक बैठक मोरपैन रोड पर यूनियन के कार्यालय में हुई। इसमें सभी ने एकजुट होने की कसम खाई। इस नए महा गठबंधन से अभी तीन सौ गाड़ियों वाली सबसे पुरानी हिमालया पिक-अप ऑपरेटर यूनियन ने दूरी बनाए रखी है जबकि अन्य 1200 गाड़ियों वाले सभी ट्रांसपोर्टर एक मंच के तले आ गए हैं। रविवार को हुई बैठक में तय हुआ सभी यूनियनें मिलकर कार्य करेंगी ताकि उद्योगों में सबको बराबर काम मिले। ये यूनियनें टेंपो यूनियन के बैनर के बजाय स्वतंत्र तरीके से कार्य करेंगी। वर्तमान में ऐसे बहुत लोग हैं जिन्होंने दो नंबर में अपनी छोटी गाड़ियां कारखानों में लगा रखी हैं और उनका कोई रिकार्ड नहीं है। कई लोग तो किसी भी यूनियन के सदस्य नहीं है जिनको बेनकाब किया जाएगा। कई वाहन मालिकों को गाड़ी की किश्तें निकलना मुश्किल हो रहा है। हिमालय पिक अप यूनियन को 10 जनवरी तक समय दिया गया है जिससे वो या तो महा गठबंधन में आ जाएं या संस्था में शामिल कर लें। इसका 16 यूनियनों को कोई एतराज नहीं है। पदाधिकारियों ने कहा कि अब समय आ गया है कि प्रतिस्पर्धा में कम होते रेटों और दस साल से नहीं बढे़ माल-ढुलाई भाडे़ को उद्यमियों की सहमति से बढ़ाया जाए।
छोटी गाड़ियों के महासम्मेलन में गुरु कृपा समाज सेवा यूनियन से अब्दुल खान, एस ऑपरेटर यूनियन से महेंद्र सिंह, संजीव कुमार, किशनपुरा सोसायटी से बलजीत नेगी, जय बाबा मक्खन शाह समिति से अजमेर सिंह, देव भूमि सोसायटी से रामलोक, नीलकंठ से संजीव कुमार, महालक्ष्मी यूनियन से शिवचरण, दून सेवा सोसायटी से दिलीप सिंह, देवभूमि खरूणी से गुरमीत सिंह, शेरे हिमाचल से बलजीत सिंह, जिला समाज सेवा सोसायटी से जोगिंद्र सिंह, प्रभु कृपा से सुरजीत सिंह, जय बजरंगी से सोनी, महाराजा फोर्स यूनियन से रामकरण ठाकुर, मैक्सिमो यूनियन से निक्काराम और रॉयल सेवा सोसायटी से चंद्रमणी ने भाग लेकर एकजुट होकर चलने की सौगंध उठाई।