नालागढ़ (सोलन)। तीन चौथाई कोरम पूरा न होने के कारण नप नालागढ़ अध्यक्ष का चुनाव टल गया। अब यह चुनाव शुक्रवार को होगा। मौजूदा नौ में से सात पार्षदों की उपस्थिति अनिवार्य थी लेकिन बैठक में मात्र चार पार्षद ही पहुंच पाए। यह चारों पार्षद दूसरे धड़े से संबंधित हैं जबकि एक धड़े के पांच पार्षदों ने अलग होकर आपस में समझौता किया था। मिनी सचिवालय सभागार में कार्यकारी एसडीएम केशव राम, ईओ वर्षा चौधरी, जेई शरीफ मोहम्मद सहित पार्षद महेश गौतम, नीरू शर्मा, आशा गौतम व सरोज शर्मा ही उपस्थित रहे।
अन्य पार्षदों के आने का इंतजार ही करते रहे लेकिन बाकी पांच पार्षद इस बैठक में नहीं पहुंचे। नतीजतन कोरम पूरा न होने के कारण चुनाव को स्थगित कर दोबारा शुक्रवार के लिए रखा गया है। कोरम पूरा न होने के तीन दिनों के भीतर फिर से अध्यक्ष के चयन के लिए तारीख तय होती है, लेकिन शनिवार व रविवार को अवकाश होने के कारण इसकी तिथि शुक्रवार को रख दी गई है। अब कोरम के लिए पार्षदों की उपस्थिति अनिवार्य नहीं है। अब नियमों के तहत आगामी बैठक में कोरम की आवश्यकता नहीं होगी और अध्यक्ष का चयन कर लिया जाएगा।
कार्यकारी एसडीएम केशव राम ने बताया कि कोरम पूरा न होने के कारण अध्यक्ष पद का चुनाव अब शुक्रवार को होगा। इसमें कोरम की आवश्यकता नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को अध्यक्ष चुनने के बाद शपथ होगी।