बारिश से जिला में दो करोड़ से अधिक की फसलें खराब
रविवार को हुई बारिश के बाद बढ़ सकता है नुकसान का आंकड़ा
किसानों की 2.40 करोड़ की फसलें बारिश में बही, रोजी-रोटी पर संकट
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश ने किसानों की मेहनत पर भी पानी फेर दिया। कृषि विभाग के अनुसार अभी तक बारिश से किसानों की लगाई फसलों को 2.40 करोड़ का नुकसान हो चुका है। किसानों को आने वाले समय में रोजी-रोटी के लाले पड़ते दिखाई दे रहे हैं। बारिश से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। इनकी आर्थिक स्थिति पर बुरा प्रभाव पड़ा है। इसकी रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेजी जा चुकी है। सोलन में कुल 35 हजार हेक्टेयर भूमि कृषि के योग्य है। इसमें से 1500 हेक्टेयर भूमि पर लगी सब्जियां खत्म हो चुकी हैं। विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार बारिश से मक्की की फसल को 1.31 लाख, दालों को 21 लाख, सब्जियों को 76 लाख और तिलहन को 12 लाख का नुकसान हुआ है। अब किसानों को ओर बारिश से भी लगाई गई फसलों को नुकसान की चिंता भी सता रही है।
सारी रिपोर्ट सरकार को भेज दी है : उपनिदेशक
कृषि विभाग सोलन के उपनिदेशक राम नाथ ने बताया कि बारिश से जिला में 2.40 करोड़ की फसलों को नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट बनाकर सरकार को भेजी जा चुकी है। साथ ही 15,00 हेक्टेयर में लगी फसलों को नुकसान हो चुका है।