सोलन। कालका-शिमला एनएच पर आए दिनों मलबा गिरने से लग रहे जाम को लेकर उपायुक्त सोलन ने यातायात मार्ग पर बदलाव करने के निर्देश जारी किए हैं। इन दिनों एनएच पर वाहनों का अधिक जाम देखने को मिल रहा है। साथ ही बरसात में हो रही लैंड स्लाइडिंग से दुर्घटनाओं का डर बना हुआ है। इसी के चलते उपायुक्त ने नई ट्रैफिक व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त सोलन ने निर्देश दिए हैं कि सोलन से चंडीगढ़ की ओर जाने वाले सभी ट्रक सोलन-कुमारहट्टी बाईपास से होकर जाएंगे। चंडीगढ़ जाने वाली और चंडीगढ़ से आने वाली सभी बसें जिनमें लोकल बसें भी शामिल हैं, बड़ोग होकर चलेंगी। चंडीगढ़ से सोलन की ओर आने वाले सभी ट्रक परवाणू-कामली-भोजनगर-कुमारहट्टी-सोलन बाईपास से होकर चलेंगे।
राजगढ़ की तरफ से आने वाले सभी ट्रक ओच्छघाट के समीप जीरो प्वाइंट से सुलतानपुर-कुमारहट्टी होकर चलेंगे। मल्टी एक्सल वाहन रात 8:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक ही चलेंगे। धर्मपुर से कसौली के बीच प्रात: 6:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक ट्रकों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इन आदेशों के अनुसार सोलन शहर में मल्टी एक्सल वाहन सब्जी मंडी सोलन के समीप खड़े किए जा सकेंगे। परवाणू क्षेत्र में मल्टी एक्सल वाहन कोटी-टिपरा में खड़े किए जा सकेंगे। वाहन खड़े करने के लिए सड़क किनारे स्थान चिह्नित होगा। उपायुक्त ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि यातायात का अधिक दबाव होने की स्थिति में वाहनों को धर्मपुर-गढ़खल-जंगेशू-परवाणू मार्ग से भेजा जा सकता है। यह आदेश एंबुलेंस, अग्निशमन वाहनों, कानून-व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए प्रयुक्त किए जा रहे वाहनों और अन्य आपाताकालीन सेवाओं पर लागू नहीं होंगे।