सप्लाई ठप, पेयजल टैंक खाली, तीन दिन से नहीं आया शहर में पानी
सोलन शहर में गहराया पेयजल संकट, रविवार को दोनों योजनाओं से नहीं हो पाई पानी की लिफ्टिंग
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। शहर की दो मुख्य पेयजल योजनाओं से पानी लिफ्ट न होने से शहर में पानी का संकट गहरा गया है। रविवार को दिन-रात में पानी लिफ्ट न होने से सोमवार को शहर के मुख्य टैंक खाली नजर आए। बरसात के चलते नदी में गाद आने से पानी लिफ्ट करना आईपीएच विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है। शहर में लोगों को पानी न मिलने से भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। टैंकों में पानी न होने के कारण सोमवार को भी कमेटी ने पानी की सप्लाई नहीं दी। 60 हजार की आबादी वाले सोलन शहर में पानी न मिलने से लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। बरसात में इस बार भी सोलन शहर को प्यासा रहना पड़ रहा है। दो पेयजल से योजनाओं पानी लिफ्ट न होने से शहर में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। बताया जा रहा है कि रविवार को पूरे दिन-रात को पानी लिफ्ट नहीं हो पाया है। अश्वनी खड्ड योजना से पिछले कई दिनों से पानी लिफ्ट नहीं हो पाया है। नदी में आई गाद के चलते विभाग पानी लिफ्ट नहीं कर पाया रहा है। गिरि योजना में गाद और बिजली कटों के कारण पानी लिफ्ट करना विभाग के लिए चुनौती बनता जा रहा है। यदि आने वाले दिनों में ऐसा ही हाल रहा तो शहर में पीने के पानी के लिए लोगों में हाहाकार मच जाएगा। शहर में दो योजनाओं से पानी मिलता है। आईपीएच विभाग पानी की लिफ्टिंग करता है जबकि शहर में कमेटी पानी को वितरीत करती है।
सोमवार को मिला केवल नौ लाख गैलन पानी
रविवार को लिफ्टिंग ठप रहने के बाद सोमवार दोपहर बाद योजनाओं से पानी की लिफ्टिंग हो पाई। शाम तक कमेटी को नौ लाख गैलन पानी मिल पाया था। गौर रहे कि शहर में रोज 20 लाख गैलन पानी की आवश्यकता है। बरसात में पानी न मिलने से लोगों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
आज होगी पानी की सप्लाई : देवेंद्र
नगर परिषद अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर ने बताया कि रविवार को दोनों योजनाओं से पानी लिफ्ट नहीं हो पाया था। इस कारण सोमवार को शहर में पानी की सप्लाई नहीं दी गई। गाद के चलते पानी लिफ्ट करना मुश्किल हो रहा है। मंगलवार को शहर में पेयजल सप्लाई बहाल होगी।