किशनपुरा में आयोजित कैंसर जागरूकता शिविर में स्वास्थ्य शिक्षकों ने लोगों को दी नशा न करने की नसीहत
बोले, नशा ही है कैंसर होने का प्रमुख कारण
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)।
पुरुषों में धूम्रपान की बढ़ती लत के चलते कैंसर के मामलों में अत्यधिक बढ़ोतरी हुई है। इसमें खासकर फेफड़े, आमाशय कैंसर और लीवर कैंसर के मामले अधिक हैं। धूम्रपान के साथ खैनी, गुटका और जर्दा का इस्तेमाल भी कैंसर रोग का प्रमुख कारण है। यह बात विकास खंड नालागढ़ की किशनपुरा पंचायत में स्वास्थ्य विभाग नालागढ़ के तत्वावधान में कैंसर पर आयोजित जागरूकता शिविर में स्वास्थ्य शिक्षक शशीपाल ठाकुर ने कही। उन्होंने बताया कि कैंसर केयर यूनिट सोलन में उपचार करवाने की व्यवस्था से अवगत करवाया।
उन्होंने कहा कि कैंसर जानलेवा है लेकिन समय रहते पता चलने पर इसका उपचार संभव है। कैंसर शरीर के किसी भी भाग में हो सकता है। विश्व में हर साल करीब 82 लाख लोग कैंसर की जकड़ में आ रहे हैं। प्रदेश में करीब 15 हजार से अधिक लोग कैंसर से ग्रसित है। शरीर में अवांछित वृद्धि (गांठे) कैंसर का लक्षण हो सकता है। इसके अलावा शरीर में किसी जख्म के ठीक न होने, शरीर की दिनचर्या में परिवर्तन, ब्लीडिंग, खाना निगलने में तकलीफ, शरीर पर मसे तिल आदि के साइज और रंग में बदलाव आना भी इस रोग का कारण माना जाता है। इस तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकों से संपर्क करना चाहिए। विभाग के सौजन्य से यूनिवर्सल हेल्थ प्रोटेक्शन स्कीम के तहत कैंसर से पीड़ित रोगी को 2.25 हजार तक का उपचार निशुल्क करने का प्रावधान किया है। सरविक्स और ब्रेस्ट कैंसर अज्ञानता के कारण भारत में दूसरे देशों की तुलना में अधिक है। इस अवसर पर पंचायत उपप्रधान संजीव कुमार, स्वास्थ्य कार्यकर्ता रिता, आशा कार्यकर्ता मीता, लता, सीमा, बेबी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तृप्ता, विद्या, जसविंद्र, मंजू सहित कई लोग मौजूद रहे।
नशीले पदार्थों का सेवन बंद करें
नशीले पदार्थों का सेवन बंद करने और गलत खानपान की आदतों में सुधार कर इस रोग से बचा जा सकता है। तंबाकू और शराब का सेवन बंद करके लोगों को संतुलित आहार लेना चाहिए। इससे कैंसर रोग से बचा जा सकता है। हर रोज सुबह उठकर व्यायाम करना चाहिए। धूम्रपान से पुरुषों में लंग्स कैंसर, आमाशय कैंसर और लीवर कैंसर आदि तेजी से बढ़ रहा है।