सोलन। कोविड के बीच वीकेंड पर जिले के पर्यटन स्थल चायल, बड़ोग और कसौली के होटलों में शत-प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही। वीकेंड से पहले होटलों में शनिवार और रविवार के लिए बुकिंग शुरू हो गई थी। शनिवार को चायल और कसौली के होटल पैक रहे जबकि सामान्य दिनों में पर्यटकों की आवाजाही कम है। इस दौरान होटलों में भी 50 से 60 फीसदी ऑक्यूपेंसी रहती है।
वीकेंड को लेकर पर्यटकों की आवाजाही एकदम बढ़ रही हैं। सुरक्षा के तहत पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। प्रदेश को हरियाणा राज्य से जोड़ने वाला कालका-शिमला एनएच पर हुड़दंग मचाना और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देकर बचकर निकलना आसान नहीं होगा। पुलिस प्रशासन ने एनएच समेत पर्यटक स्थलों पर तीन रिजर्व तैनात कर कड़ा पहरा लगाया हुआ है।
एनएच के कई क्षेत्रों में एक दर्जन से अधिक नए हाई विजन सीसीटीवी कैमरे सहित परवाणू टीटीआर, सोलन बाईपास में गश्त लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। कोविड की मार झेल रहे होटल कारोबारी दोबारा से उभरना शुरू हो गए हैं जिससे होटल कारोबारी भी खुश हैं।
चायल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा ने कहा कि वीकेंड पर होटलों में ऑक्यूपेंसी शत-प्रतिशत है जबकि अन्य दिनों में पर्यटकों कम आवाजाही है। चायल के होटलों में शनिवार को पैक रहा है। रविवार के लिए भी बुकिंग आ रही है। कसौली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र चोपड़ा ने बताया कि होटल पैक हैं। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से अब होटल कारोबारियों को राहत मिली है।
सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क : एएसपी
एएसपी सोलन अशोक वर्मा ने कहा कि वीकेंड को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। पर्यटक स्थल कसौली, चायल और एनएच पर तीन रिजर्व की तैनाती की गई है। हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम पेट्रोलिंग समेत गश्त कर वाहनों की जांच भी कर रही है। सीसीटीवी से भी सुरक्षा इंतजामों की निगरानी की जा रही है।