सोलन। नौणी विश्वविद्यालय के 10 स्नातक छात्र एशियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एआईटी) बैंकाक में एक माह तक चलने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए रवाना हुए । छात्र 6 जुलाई से एआईटी में कृषि प्रणाली और इंजीनियरिंग शैक्षणिक कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रशिक्षण का विषय ''''बागवानी और वानिकी के सतत विकास के लिए स्मार्ट फार्मिंग टेक्नोलॉजीज'''' होगा। पूरी तरह से वित्त पोषित इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम को आईसीएआर राष्ट्रीय कृषि उच्च शिक्षा परियोजना की आईडीपी के तहत आयोजित किया गया है।
इसमें नौणी विवि के बागवानी और वानिकी विषयों से तीन-तीन और नेरी कॉलेज से चार स्नातक छात्रों को उनके शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर कार्यक्रम के लिए चुना गया है। इसमें स्वधा सूद, अंशुमन ठाकुर और सिया बागवानी महाविद्यालय से शैफाली शर्मा, धृति और तान्या वानिकी महाविद्यालय से अपूर्वा शर्मा, पलक, आर्यन महाजन और अंजलि शर्मा हमीरपुर जिले के बागवानी और वानिकी महाविद्यालय नेरी के छात्र है।
नौणी विवि के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल और वैधानिक अधिकारियों ने चयनित छात्रों से दिल्ली रवाना होने से पहले बातचीत की। उन्होंने छात्रों से इस अवसर का लाभ उठाने और मूल्यवान ज्ञान प्राप्त करने का आग्रह किया। उन्होंने इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की व्यवस्था के लिए आईडीपी के प्रधान अंवेषक डॉ. केके रैना और पूरी टीम को बधाई दी। इस अवसर पर निदेशक अनुसंधान डॉ. संजीव चौहान, डीन औद्यानिकी विवि डॉ. मनीष शर्मा, डीन वानिकी महाविद्यालय डॉ. सीएल ठाकुर, डीन नेरी महाविद्यालय डॉ. कमल शर्मा समेत डॉ. अनिल सूद, डॉ. राजेश कौशल और डॉ. भूपेंद्र दत्त भी मौजूद रहे।