वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मुख्यातिथि ने किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
दाड़लाघाट (सोलन) राजकीय उच्च विद्यालय हनुमान बड़ोग में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश सरकार के उप महाधिवक्ता हेमंत वर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन ही भविष्य की नींव रखते हैं। विद्यालय के मुख्याध्यापक पीसी बट्टू ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए स्कूल की उपलब्धियों का ब्योरा दिया। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि दसवीं की बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के कुल 14 में से 10 विद्यार्थियों ने मेरिट प्रमाणपत्र हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मुख्यातिथि ने मेरिट प्राप्त करने वाले छात्र लक्षिता, यशवी, कपिल, तनुजा, प्रशांत, प्रियंका, चेतन, मोनिका, लसीका और दिव्यांश को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा खेलकूद और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दीक्षांत, नमन, कृतिका, तन्वी, आदित्य, निहारिका, गौरीका, याचना, पंकज और चेतना को भी पुरस्कार देकर नवाजा गया। इस अवसर पर एसएमसी अध्यक्ष नरेश शर्मा, वरिष्ठ अध्यापक नरेंद्र कुमार, हरि ओम, रजत कपिल, चेत राम, कृष्ण सिंह कंवर, संतोष शुक्ला, करम चंद सहित कई सेवानिवृत्त अध्यापक, अभिभावक उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम से बांधा समां
समारोह में विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। चेतना और साथियों ने स्वागत गीत से अतिथियों का अभिनंदन किया, वहीं प्राथमिक विद्यालय की छात्राओं ने सुंदर नृत्य पेश किया। विशेष आकर्षण नंदलाल एवं साथियों की ओर से प्रस्तुत नाटक रहा, जिसमें चिट्टा (हेराेइन) के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक किया गया। दसवीं की छात्राओं ने पारंपरिक पहाड़ी नाटी डालकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।