सुबाथू के समीप एक पेट्रोल पंप मालिक के नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोन लेने के मामले में पुलिस ने कोऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन सुशील कुमार गर्ग और मैनेजर अमर लाल कश्यप को गिरफ्तार किया है। पेट्रोल पंप मालिक परस राम ने अपने दोस्त सुशील समेत दो लोगों पर एक करोड़ की धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया था।
सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार जांच में पाया गया कि दोनों ने मिलीभगत से शिकायतकर्ता के नाम से फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोन लिया। धोखाधड़ी कर शिकायतकर्ता के नाम से एक करोड़ की देनदारियां खड़ी कर दीं। एसपी ने बताया कि 17 मई 2023 को शांति फिलिंग स्टेशन रड़ियाणा सुबाथू के मालिक परस राम ने धर्मपुर थाने में शिकायत दी कि 2020 में आईजीएमसी शिमला में उपचाराधीन थे। इस दौरान सुशील निवासी सुबाथू को पेट्रोल पंप का कार्य सौंप दिया। अपनी पंजाब नेशनल बैंक और एचडीएफसी बैंक की दो चेक बुक भी उसे सौंप दीं, ताकि कारोबार में दिक्कत न आए।