नाहन के विधायक अजय सोलंकी करेंगे इस कार्यक्रम का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन में बुधवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित युवा महोत्सव (समूह-1) के सफल आयोजन के लिए विभिन्न समितियों के समन्वयकों की बैठक आयोजित की गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने बताया कि इस वर्ष 13 से 15 अक्तूबर तक डॉ. वाईएस परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के युवा महोत्सव समूह-1 की मेजबानी करने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव महाविद्यालय के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपनी कला, प्रतिभा और सृजनात्मकता का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम की समन्वयक सह-आचार्य रीना चौहान ने सभी समितियों के कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि महोत्सव को भव्य और सफल बनाने के लिए सभी विभागों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आयोजन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की तैयारी जोरों पर है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का आगाज 13 अक्तूबर को सुबह 10:00 बजे नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी करेंगे, जबकि समापन समारोह में 15 अक्तूबर को शाम 3:00 बजे उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान मुख्यातिथि रहेंगे।
इस अवसर पर सभी समिति प्रभारी, संयोजक और सदस्य उपस्थित रहे और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। प्राचार्य डॉ. शुक्ला ने सभी शिक्षकों एवं स्वयंसेवकों को एकजुट होकर इस आयोजन को सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
संवाद