नाहन डाइट में युवाओं को नशे से बचाने पर वक्ताओं ने रखी बात
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति की जिला सिरमौर कमेटी ने किया कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति जिला सिरमौर कमेटी ने अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस, युवा बचाओ-भविष्य बचाओ के रूप में डाइट हॉल में मनाया। इसमें नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम में स्रोत व्यक्ति के रूप में डाइट के प्रवक्ता डाॅ. ईश्वर राही ने विषय संबंधित जानकारी दी।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने की चुनौती समाज के सामने है। सरकार ने जिले में राज्य स्तरीय नशा मुक्ति व पुनर्वास केंद्र खोलने की घोषणा की है। यह सामाजिक मुद्दा है जिसपर लोगों को जागरूक होने की जरूरत है।
इस मौके पर जनवादी महिला समिति की पूर्व राज्य अध्यक्ष व पूर्व जिला परिषद सदस्या संतोष कपूर ने भी सामाजिक समस्याओं व नीतिगत मुद्दों पर बात रखी। कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान विज्ञान समिति के जिला अध्यक्ष संतराम चौहान ने सबका स्वागत करके किया। इस मौके पर ज्ञान विज्ञान समिति के राज्य उपाध्यक्ष विरेंद्र कपूर, विश्वनाथ शर्मा, सुभाष शर्मा वकील, कंवर सिंह नेगी व जगत राम रमौल जिला सचिव विशेष रूप से मौजूद रहे।
संवाद