चकराता रोड पर नाका लगाकर पुलिस कर रही थी संदिग्धों और वाहनों की जांच
बागथन निवासी सुनील कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
आरोपी को न्यायालय में पेश करेगी पुलिस, जांच जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। उत्तराखंड की सेलाकुई थाना पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिरमौर के युवक को 141.12 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान सुनील कुमार (26) निवासी बागथन, थाना सराहां के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार सेलाकुई थाना पुलिस की टीम ने नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चकराता रोड पर सारना नदी पुल के पास नाका लगाया था। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की जा रही थी। पुलिस टीम ने सुनील कुमार को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 141.12 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुमेर सिंह के साथ उमेद असवाल और अनुज शामिल रहे। बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना सेलाकुई के उपनिरीक्षक सुमेर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चरस की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।