लेखक ने अग्निवीर जैसी सरकारी योजनाओं पर भी की है करारी चोट
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार और नाहन निवासी डॉ. दीन दयाल वर्मा की ओर से रचित व्यंग्य संग्रह ‘यहां जंगल होते थे’ का विमोचन फ्रेंडस ऑफ फोरेस्ट सिरमौर के जिला अध्यक्ष डॉ. प्रदीप शर्मा ने किया।
इस मौके पर डॉ. प्रदीप शर्मा ने कहा कि डॉ. दीन दयाल वर्मा बहुमुखी प्रतिभा के धनी हैं और समग्र रूप से उनका लेखन आकर्षित और प्रभावित करता है। वह कहानी, व्यंग्य, संस्मरण, यात्रा-वृत्त और कविता आदि साहित्य की अनेक विधाओं में पारंगत हैं। इस व्यंग्य संग्रह यहां जंगल होते थे.., के सभी व्यंग्य पैने और चुटीले हैं। वह वास्तव में साहित्य को बहुत कुछ मूल्यवान प्रेरक एवं सार्थकता दे रहे हैं।
इस पुस्तक का आवरण जाने माने चित्रकार दीप राज विश्वास ने बनाया है और संपादन डॉ. प्रदीप शर्मा एवं दीपराज विश्वास ने किया है।
डॉ. प्रदीप शर्मा ने बताया कि डॉ. वर्मा ऐसे लेखक हैं जो अपने लेखन में किसी एक ही भाव का या वाद का सहारा नहीं लेते बल्कि अपने मन के भावों को अलग-अलग रंगों में पेश करने का हुनर रखते हैं। इस संग्रह में लेखक ने जहां सर्दी-जुकाम और दफ्तर के माहौल जैसे दैनिक जीवन के साधारण प्रसंग को मौसमों के माध्यम से व्यंग्य में ढाल दिया है, वहीं अग्निवीर जैसी सरकारी योजनाओं पर भी व्यंग्यात्मक चोट की है। लेखक एक तरफ जब अतिथि आते थे के माध्यम से पुराने दिनों की मेहमान नवाजी की याद दिलाते हैं तो दूसरी ओर यहां जंगल होते थे.., शीर्षक से पाठकों को पर्यावरण की चिंता, अवैध वृक्ष कटान, अवैध खनन और बादल फटने इत्यादि की भयानक स्थिति से भी व्यंगात्मक रूप से अवगत कराते चलते हैं।
यह संग्रह अवश्य ही पाठकों को कई छोटी-छोटी बातों पर सोचने को मजबूर करेगा, हंसाएगा और खूब आनंदित करेगा ऐसी पूर्ण संभावना है।
इस मौके पर लेखक डॉ. दीन दयाल वर्मा, नसीम मोहम्मद दीदान मुख्य सलाहकार फ्रेंड्स ऑफ फॉरेस्ट, ईश्वर अध्यक्ष नाहन मंडल, हिमेश कुमार चौहान उर्फ राजू कार्यालय सचिव, रेंज ऑफिसर मोहन लाल, वन खंड अधिकारी संजू इत्यादि उपस्थित रहे।
संवाद