राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव पर आयोजित कबड्डीमहिला वर्ग की विजेता टीम मुख्य अतिथि के साथ:स
महिला वर्ग के कांटेदार फाइनल में ग्लोबल अकादमी सिरमौर टीम विजेता
राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव पर पांवटा साहिब में खेल प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। पांवटा साहिब नगर परिषद खेल मैदान में राज्य स्तरीय यमुना शरद महोत्सव खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें पुरुष वर्ग में स्कॉलर्स होम अकादमी तथा महिला वर्ग में ग्लोबल अकादमी सिरमौर की टीम विजेता रही है। प्रतियोगिता में यशवीर व नलिनी को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार मिला। समापन और पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्यातिथि एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा और तहसीलदार ऋषभ शर्मा ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित किए। महिला वर्ग का फाइनल मैच प्रतियोगिता में सबसे रोमांचक रहा।
फाइनल में ग्लोबल अकादमी सिरमौर की टीम ने शिलाई को 39-38 से हरा कर ट्राॅफी पर कब्जा जमा लिया। शिलाई की नलिनी को प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब मिला। विजेता टीम को 21 हजार व ट्राॅफी तथा उप विजेता टीम को 15 हजार नकद राशि व रनर ट्राॅफी भेंट की गई।
वहीं, पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला स्कॉलर्स होम अकादमी और ग्लोबल अकादमी सिरमौर के बीच हुआ। स्कॉलर्स होम अकादमी की टीम ने 42-32 जीत दर्ज की। स्कॉलर्स होम अकादमी टीम के यशवीर प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए। विजेता टीम को 21 हजार और ट्राॅफी तथा उप विजेता टीम को 15 हजार नकद राशि व रनर ट्राॅफी प्रदान की गई।
इस दौरान ग्यार सिंह नेगी, पूरन ठाकुर, अमित धीमान, अनिल शर्मा, सतीश कपूर व सुनील चौहान समेत आयोजन समिति सदस्य मौजूद रहे।
संवाद