शिक्षकों को स्कूल सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की जानकारी दी
डाइट नाहन में चार दिन चली कार्यशाला में मौजूद रहे 35 कनिष्ठ बुनियादी शिक्षक
स्कूल सुरक्षा के साथ-साथ आपदाओं के प्रभाव को कम करने के सिखाए गुर
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), नाहन के सभागार में आपदा प्रबंधन विषय पर चार दिवसीय कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में शीतकालीन स्कूलों से आए 35 कनिष्ठ बुनियादी शिक्षकों ने भाग लिया।
इसके समापन मौके पर शनिवार को कार्यवाहक परियोजना अधिकारी (समग्र शिक्षा) अश्विनी ठाकुर प्रतिभागी शिक्षकों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए।
कार्यशाला के समन्वयक ओंकार शर्मा (प्रवक्ता) डाइट नाहन ने बताया कि कार्यशाला में जिलाधीश कार्यालय नाहन से राजन कुमार शर्मा, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ ने विस्तृत रूप से आपदाओं के प्रकार, प्रभाव, कारण, भूकंप, टैक्टोनिक प्लेट्स, आपदा जोखिम व न्यूनीकरण, स्कूल सुरक्षा एप्लीकेशन एवं रोड सेफ्टी और हिमाचल की आपदा प्रोफाइल के बारे में विस्तृत रूप से व्याख्यान दिया। द्वितीय सत्र में जिला महिला एवं बाल विकास कार्यालय नाहन से मोहम्मद शमीम (विधि-सह-परिवीक्षा अधिकारी) ने आपदा से संबंधित मनोविज्ञान विज्ञान, आपदा प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन, आपदा चक्र, प्रशासनिक भूमिका, प्रतिभागी की भूमिका, स्कूल आपदा प्रबंधन योजना व सुरक्षित स्कूल शिक्षा, जिले में पिछले वर्ष हुए आपदाओं के नुकसान, प्रभाव, कारण एवं विश्लेषण आदि के बारे में व्यापक रूप से चर्चा की।
विभिन्न सत्रों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय नाहन से डॉ. विनोद कुमार सांगल ने आपदाओं के दौरान प्राथमिक चिकित्सा उपचार, सीपीआर तकनीक, उपचार, मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया आदि महामारियों के बारे में भी विस्तृत रूप से चर्चा की। इसके अतिरिक्त होमगार्ड कार्यालय से खोज एवं बचाव के लिए संसाधन व्यक्ति प्लाटून कमांडर संतोष कुमारी ने अपना व्याख्यान दिया। फायर ऑफिस से आये रमेश कुमार ने फायर के बारे में प्रेक्टिकल रूप में करके हैंड्स ऑन प्रैक्टिस भी करवाई।
इसके उपरांत अगले सत्र में विवेक कुमार कौशिक ने प्रतिभागियों को मानसिक संतुलन एवं उसके समाधान के लिए विस्तृत रूप से चर्चा की व स्कूल शिक्षकों को इसका सक्रिय प्रयोग करने के लिए भी प्रेरित किया। सभी प्रतिभागियों को कार्यवाहक जिला परियोजना अधिकारी, सह-प्राचार्य (डाइट- नाहन) अश्विनी ठाकुर ने प्रमाण पत्र देकर इस कार्यशाला का समापन किया। समापन समारोह में डाइट नाहन से अंजना चौहान, निपुण एवं रीना चौहान व समस्त शैक्षिक एवं गैर-शैक्षिक स्टाफ उपस्थित रहा।
-संवाद