पांवटा साहिब (सिरमौर)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के तत्वावधान में डीएवी पब्लिक स्कूल पांवटा साहिब में अर्थशास्त्र विषय के शिक्षकों के लिए दो दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। डीएवी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य विजय वर्मा ने मुख्य संसाधन व्यक्तियों अंबिका अरोड़ा और वसुधा शर्मा को पौधा भेंट कर स्वागत किया। दोनों विशेषज्ञों ने शिक्षकों को नवीन शिक्षण तकनीकों, प्रभावी पाठ योजना तैयार करने के तरीके तथा जटिल आर्थिक अवधारणाओं को सरल और रोचक ढंग से विद्यार्थियों तक पहुंचाने के व्यावहारिक उपाय बताए। कार्यशाला में अर्थशास्त्र को अन्य विषयों से जोड़कर पढ़ाने, विद्यार्थियों की अलग-अलग सीखने की क्षमताओं एवं शैलियों की पहचान करने तथा कक्षा में आधुनिक और इंटरैक्टिव शिक्षण विधियों के प्रभावी उपयोग पर चर्चा की गई। संसाधन व्यक्तियों ने गतिविधि आधारित शिक्षण और तकनीक के बेहतर उपयोग पर भी विशेष जोर दिया।