-15 वर्ष पहले पति और दो वर्ष पूर्व बड़े बेटे को खो चुकी थीं सत्या देवी
-ग्रामीणों ने सरकार और जिला प्रशासन से लगाई आर्थिक सहायता व राहत पैकेज की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। विकासखंड संगड़ाह की ग्राम पंचायत कोलवा घाटो के गांव कोलवा में जंगल जाते समय रास्ते से गिरने के कारण एक महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान सत्या देवी पत्नी दिवंगत मंगा राम के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। शनिवार को सिविल अस्पताल ददाहू में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
जानकारी के अनुसार, सत्या देवी बड़ग भूतमढ़ी (चियाली) के जंगल की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गईं। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
करीब 15 वर्ष पहले सत्या देवी के पति मंगा राम का निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद परिवार के पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी सत्या देवी ने अकेले संभाली। इसके बाद भी परिवार की मुश्किलें कम नहीं हुईं। लगभग दो वर्ष पूर्व उनके बड़े बेटे कुलदीप की भी मृत्यु हो गई थी। उनका शव ददाहू के समीप जंगल से 42 दिन बाद बरामद हुआ था।
अब सत्या देवी के निधन के बाद परिवार पूरी तरह असहाय हो गया है। परिवार में दो बेटे, एक बेटी और एक बहू हैं। इनमें से एक बेटा दिव्यांग है। परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही बेहद कमजोर बताई जा रही है और आजीविका का कोई स्थायी साधन नहीं है। सत्या देवी ही पूरे परिवार का मुख्य सहारा थीं। उनके निधन से परिवार पर गहरा आर्थिक और मानसिक संकट आ गया है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।-