पांवटा क्षेत्र में अवैध खनन पर चालान करता वनकर्मी। संवाद
- फोटो : NAHAN
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल और उत्तराखंड को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण कुल्हाल पुल की जड़ में ट्रैक्टरों की ओर से अवैध खनन करने की वन विभाग को सूचना मिली। इसके बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर दो ट्रैक्टर जब्त किए। इनके संचालकों से 30 हजार जुर्माना वसूल किया गया।
जानकारी के अनुसार वन विभाग के अधिकारियों को राज्य सीमा के यमुना पुल के तल पर अवैध खनन की सूचना मिली। इसके बाद वन विभाग की टीम में वनरक्षक दीपराम और वनकर्मी कीर्तन मौके पर रवाना हुए। वन विभाग की टीम को दबिश देने को पहुंचते देख दो ट्रैक्टरों के चालकों ने मौके से भागने का प्रयास किया। वन टीम ने पीछा कर दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया।
वाहन चालकों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। इसमें तीस हजार जुर्माना राशि भी वसूली गई। डीएफओ पांवटा कुणाल अंग्रीश ने इसकी पुष्टि की है।