आईपीएच विभाग के मजदूर व वर्करों को फील्ड में कार्य निपटाने के लिए लंबे समय से औजार तथा अन्य उपकरणों की कमी का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण उपभोक्ताओं की पेयजल से जुड़ी समस्याओं का तुरंत समाधान नहीं हो पा रहा। इस मुद्दे को लेकर आईपीएच व लोनिवि वर्कर कर्मचारी संघ कफोटा की बैठक में संघ से जुड़े कर्मचारियों व कामगारों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष सुरेश चौहान ने की। इस दौरान विचार-विमर्श कर प्रस्ताव पारित किया गया कि आईपीएच मजदूरों को अपना काम करने के लिए पर्याप्त औजार नहीं मिल पा रहे जिससे उनके अपने अपने क्षेत्रों में पेयजल लाइन से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही लोगों की समस्याओं को समय पर निपटाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में मजदूर कर्मचारियों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग लंबे समय से उन्हें औजार मुहैया कराने में नाकाम साबित हो रहा है। पाइप फिटिंग का सामान नहीं मिलने से उन्हें कई बार फील्ड में उपभोक्ताओं के गुस्से का भी शिकार होना पड़ता है। साथ ही बैठक में मुद्दा उठाया गया कि न्यायालय की ओर से मजदूरों को राहत प्रदान की गई लेकिन विभाग अभी तक जीपीएफ के दायरे में आने वाले मजदूरों की फिक्सिंग नहीं की जा रही जिससे मजदूर उहापोह की स्थिति में हैं।
इसके अलावा जिन मजदूरों अथवा वर्करों ने दसवीं की परीक्षा पास की है उन्हें भी पदोन्नत्ति का लाभ नहीं दिया जा रहा। कर्मचारियों ने विभाग तथा सरकार से सभी मांगों पर विचार कर उन्हें पूरा करने की मांग उठाई है। बैठक में अनिल कुमार, राम गोपाल, प्रताप शर्मा, करम सिंह, दासूराम, रामस्वरूप, सुदेश कुमार सहित कई अन्य उपस्थित थे।