संगड़ाह विकास खंड की ग्राम पंचायत कोटीधीमान के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर बीसी बडालिया से भेंट कर कोटीधीमान में शराब ठेका बंद करने की मांग की। जिला परिषद सदस्य श्यामा ठाकुर, ग्राम पंचायत प्रधान सुरेंद्र सिंह तोमर, बीडीसी सदस्य भीम सिंह, उप-प्रधान विक्रम सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल मिला। इसमें वीर सिंह, जगपाल तोमर व महिला मंडल प्रधान क्यासो देवी व कमला देनी समेत सदस्य शामिल रहे।
शराब का ठेका खुलने से युवा पीढ़ी नशे का शिकार होती जा रही है जिससे गांव कोटीधीमान क्षेत्र का माहौल दिनों दिन खराब हो रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने शराब के ठेके को जल्द बंद करने के लिए कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि जिलाधीश ने प्रतिनिधिमंडल की मांग को सहानुभूतिपूर्वक सुनकर आश्वासन दिया है। इस मामले की आवश्यक कार्रवाई के लिए आबकारी एवं कराधान विभाग को निर्देश जारी किए है।