अब बिना बारिश खेतों को नुकसान पहुंचा रहा खड्ड और नाले का पानी
भजन चौधरी
धौलाकुआं (सिरमौर)। कुंडियों पंचायत के टोका नगला में भूमि कटाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। बारिश में तो यहां हर साल भूमि कटाव होता ही है, लेकिन अब बिना बारिश के भी दिन-रात खेतों की जमीन कट रही है। नालों से लगातार आ रहे पानी के बहाव के कारण उपजाऊ जमीन धीरे-धीरे बह रही है। सैकड़ों पापुलर के पेड़ और खड़ी फसलें भी पानी की चपेट में आ चुकी हैं। इससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
स्थानीय किसानों के अनुसार शिशम नाला और अभी खड्ड के पानी से बरसात के दौरान क्षेत्र में हर साल भूमि कटाव होता है। इस बार पानी का बहाव खेतों की ओर बना हुआ है। लगातार भूमि कटाव के कारण कई परिवारों की जमीन बह गई है और किसान भूमिहीन होने के कगार पर हैं।
कुंडियों पंचायत के उपप्रधान तारिफ मुहम्मद, अब्दुल सत्तार, शराफत अली और इंतजार अली ने बताया कि दोनों नालों में एक साथ पानी आने के कारण भूमि कटाव तेजी से हो रहा है। पानी के तेज बहाव में सैकड़ों पापुलर के पेड़ बह चुके हैं और खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
किसानों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण करवाकर तत्काल तटीकरण और सुरक्षा कार्य शुरू करने की मांग की है। उधर, कुंडियों पंचायत प्रधान रामेश्वर चौधरी ने बताया कि यहां दो-तीन नालों से पानी आता है, जिनसे भूमि कटाव हो रहा है। ऐसे में किसानों को समस्या का सामना उठाना पड़ रहा है। समस्या को सरकार के समक्ष उठाया गया है।