जिले में बढ़ती शीतलहर को लेकर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की एड्वाइजरी
उपायुक्त सिरमौर बोले, आगामी दिनों में ठंडी हवाएं, घना कोहरा और धुंध के आसार
वाहन धीमी गति से चलाएं, गर्म कपड़े पहनेंं और आपदा की स्थिति में 1077 पर कॉल करें
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जनपद में पिछले कुछ दिनों से लगातार बढ़ती ठंड के मद्देनजर जिला प्रशासन ने एड्वाइजरी जारी की है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त सिरमौर सुमित खिमटा ने कहा कि घटते तापमान को देखते हुए आगामी दिनों में और ठंडी हवाएं, घना कोहरा अथवा धुंध पड़ने के आसार हैं।
ऐसे में लोग अपनी सेहत के प्रति सतर्क रहें। शीतलहर और धुंध खतरनाक साबित हो सकती है। घना कोहरा एवं धुंध में यातायात संबंधी सूचना व सलाह के लिए स्थानीय समाचार पत्रों, न्यूज़, टीवी व आपदा प्रबंधन के फेसबुक पेज से लगातार जुड़े रहें।
खिमटा ने बताया कि कोहरे में अपने वाहन को कम गति पर चलाएं। कोहरे के दौरान लाइट को कम बीम पर रखें। उच्च बीम धुंधले मौसम की स्थिति में उतने प्रभावी नहीं होते हैं। यदि दृश्यता कम हो तो फॉग लाइट का उपयोग करें। वाहनों के बीच अच्छी दूरी बनाए रखें।
उन्होंने शीत ऋतु से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय उच्च मार्ग, जलशक्ति विभाग, बिजली विभाग, पर्यटन निगम, खाद्य आपूर्ति निगम आदि समस्त संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारी एवं सुरक्षात्मक योजना बनाने व सतर्क रहने के आदेश दिए हैं।
चूड़धार चोटी स्थित शिरगुल महाराज मंदिर की यात्रा एवं कपाट एक दिसंबर से बंद कर दिए हैं, जो 12 अप्रैल 2024 तक श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की यात्रा एवं दर्शनों के लिए बंद रहेंगे।
उपायुक्त ने बताया कि शीतलहर के दौरान घर के अंदर सुरक्षित रहें। अत्यधिक बर्फबारी एवं कोहरे वाली स्थिति में सड़कों पर वाहनों का प्रयोग कम से कम करें। इसके साथ घर से बाहर जाते हुए सिर, कान, हाथ, पैर और नाक को ढककर ही बाहर निकलें। शरीर में ऊष्मा के प्रवाह को बनाए रखने के लिए पोषक आहार एवं गर्म पेय पदार्थ का सेवन करें। ठंड में ऊनी एवं गरम कपड़ों को पहनें।
अपने मुंह को भी ढककर रखें। इससे फेफड़ों की ठंड से सुरक्षा होगी। उन्होंने बताया कि कम तापमान में कठिन काम न करें। क्षमता से अधिक शारीरिक कार्य न करें, इससे हृदयघात का खतरा पैदा हो सकता है।
खिमटा ने कहा कि यदि तबीयत ठीक न लगे या किसी भी प्रकार की दिक्कत महसूस हो तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि शीतकालीन ऋतु में किसी भी प्रकार की आपातकालीन एवं आपदा की स्थिति में आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, नाहन के निशुल्क दूरभाष नंबर 1077 पर तुरंत संपर्क करें।