कर्मचारियों के कमी के कारण लिया फैसला, सप्ताह में एक दिन नहीं होगी पानी की सप्लाई
योगेंद्र अग्रवाल
ददाहू (सिरमौर)। गर्मियों में ददाहू क्षेत्र में सप्ताह में एक दिन पीने के पानी की आपूर्ति नहीं की जाएगी। जल शक्ति विभाग ने फरमान जारी करते हुए सप्ताह में एक दिन अवकाश का फैसला लिया है। इसके चलते ददाहू पंचायत के सभी नौ वार्डों में हर मंगलवार को पीने के पानी की आपूर्ति नहीं होगी जबकि बिरला पंचायत के तिरमली क्षेत्र में रविवार के दिन पानी नहीं आएगा।
विभाग ने यह फैसला ददाहू उपमंडल में लगातार हो रही कर्मचारियों की कटौती और मौजूदा कर्मियों पर बढ़ रहे काम के अतिरिक्त बोझ को ध्यान में रखते हुए लिया है। विभाग का मानना है कि एक साप्ताहिक अवकाश रखने से जहां उस दिन पानी की मोटरों व पंपों आदि को आराम मिलेगा, वहीं इस दौरान क्षतिग्रस्त पाइपों व जल भंडारण टैंकों की मरम्मत भी आसानी से की जा सकेगी। एक दिन आपूर्ति न होने से टैंकों के पूरा भर जाने से अगले दिन उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा।
सहायक अभियंता मनीत भारद्वाज ने बताया कि ददाहू क्षेत्र में हर मंगलवार को पीने के पानी की आपूर्ति नहीं की जाएगी। इस दिन विभाग के कर्मचारी दूसरे कार्यों को निपटाएंगे।
-बाक्स
4,000 उपभोक्ताओं का जिम्मा सम्भाल रहे तीन कर्मचारी
जल शक्ति विभाग के ददाहू स्थित अनुभाग में तीन योजनाओं से जुड़े करीब 4,000 उपभोक्ताओं का जिम्मा मात्र तीन कर्मचारियों के कंधों पर है। कर्मचारियों के अभाव में व्यवस्थाएं पूरी तरह से चरमरा गई हैं। उपभोक्ताओं की सुविधाओं को देखते हुए विभाग व्यवस्थाओं को धक्के से चला रहा है। बीते एक वर्ष के दौरान ददाहू उपमंडल में कई कर्मचारियों की कटौती हुई है। इनमें से 5 कर्मचारियों का तबादला किया गया है और 7 कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। उनके स्थान पर दूसरे कर्मचारियों को यहां नहीं भेजा गया है। अधिकारियों को बहुउद्देश्यीय कर्मचारी (एमपीडब्ल्यू) की सेवाएं लेने के लिए विवश होना पड़ रहा है।