ग्राम पंचायत शिलाई के वार्ड-6 में पेयजल समस्या को लेकर नवयुवक मंडल की बैठक बीडीसी सदस्य अतर सिंह वर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि मंगलवार को नवयुवक मंडल के पदाधिकारी सहायक अभियंता व उच्च अधिकारियों के समक्ष मांग उठाकर समस्या के समाधान की मांग करेंगे।
नवयुवक मंडल प्रधान रविंद्र सिंह व सचिव दिनेश कुमार ने बताया कि इस वार्ड में आने वाली विभाग की लाइन सार्वजनिक आंगन के निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हो गई थी। विभाग को कई बार अवगत करवाया लेकिन उसे ठीक नहीं किया गया। उसके बाद ग्राम पंचायत ने अपने स्तर पर इस वार्ड की जनता के लिए छंबो खाला से पाइप लाइन बिछाई। कुछ दिनों तक पानी नियमित आया लेकिन बिना देखरेख के यह लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई व कई स्थानों पर शरारती तत्वों ने काटकर चोरी कर ली।
पिछले छह माह से इस वार्ड के 45 परिवार 2 किमी दूर खड्ड का दूषित पानी पी रहे हैं जिससे बीमारियां फैलने की आशंका है। नवयुवक मंडल अध्यक्ष ने कहा कि विभाग के अधिशाषी अभियंता, स्थानीय विधायक एवं उपायुक्त को इस बारे में लिखित शिकायत भेजी जाएगी।