धारटीधार क्षेत्र की पंजाहल पंचायत के सेर बढ़ोण गांव में पिछले एक माह से पानी नहीं आ रहा है, जिस कारण लोगाें को पेयजल किल्लत से जूझना पड़ रहा है। गांव के करीब तीन दर्जन परिवार दो किमी दूर नाले से पानी ढोने को मजबूर हैं। इसके चलते ग्रामीणों में आईपीएच विभाग के प्रति भारी रोष है।
स्थानीय ग्रामीण सोहन सिंह, खेम सिंह, जगमोहन, जयपाल, बलवंत सिंह, नंद राम व भरत सिंह आदि ने बताया कि गांव में पिछले एक माह से पानी की एक बूंद तक नहीं आई है जिस कारण उन्हें दो किमी दूर सेर बढ़ोण के नाले से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। यही नहीं गांव के समीप मिडल स्कूल सेर बढ़ोण व प्राइमरी स्कूल रेन पिरगड़ी में भी स्कूली बच्चों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। इस कारण स्कूली बच्चे खुद दूर के प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढोकर ला रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस बारे में आईपीएच विभाग को फोन के माध्यम से अवगत करवाया था लेकिन उसके बाद भी उन्हें पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने विभाग से गांव एवं स्कूलों में निरंतर पेयजल सप्लाई की मांग की है।
उधर इस संबंध में आईपीएच सब डिविजन जमटा के कनिष्ठ अभियंता पवन कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग के कर्मचारियों को लाइनें चैक करने को भेज दिया गया है। जल्द ही फाल्ट ठीक कर पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।