सराहां (सिरमौर)। सराहां बाजार और आसपास की करीब आठ हजार आबादी को चार दिनों से पानी नहीं मिल रहा। इस वजह से लोगों को दिक्कतें हो रही हैं। कोरोना संक्रमित सबसे अधिक परेशानी झेल रहे हैं। उनके घरों में पानी नहीं आ रहा। हालात यह है कि कई जगह पूरा परिवार आइसोलेट है। संक्रमण फैलने के डर से वह घरों से बाहर भी नहीं जा सकते। ऐसे में बिना पानी की उनकी दुश्वारियां बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जल्द समस्या का समाधान किया जाए। अन्यथा वह आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए विवश हो जाएंगे।
सराहां, बनाहं धीनी और जामन की सेर पंचायत की करीब आठ हजार की आबादी का बडू साहिब पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जा रही है लेकिन सुचारु रूप से सप्लाई नहीं होने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतें हो रही है। कभी बिजली बाधित होने तो कभी पेयजल लाइन में तकनीकी खराबी और मोटर खराब होने से यह समस्या हो रही है।
बड़ूसाहिब उठाऊ पेयजल योजना से लाभान्वित होने वाले हजारों ग्रामीणों को करीब चार दिनों से पानी की बूंद-बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है। सराहां में इन दिनों कोरोना के दर्जनों मामले सामने आए हैं। यह सभी लोग घर में ही आइसोलेट हैं। अब इन लोगों का कहना है कि यदि वह कोरोना पॉजिटिव नहीं आते तो बाहर से पानी लाने के लिए जाते हैं लेकिन पूरा परिवार आइसोलेट होने के कारण अब लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सराहां निवासी सुरेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार, रोशन लाल, ऋषभ शर्मा, सतपाल, नरेश कुमार, जगदीश ठाकुर और चंद्रदेव ने बताया कि पिछले चार दिनों से पानी नहीं आने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रशासन ने बाजार को बंद कर रखा है। अब यदि पानी लेने जाएं तो कहां जाए। उन्होंने कहा कि सराहां और आसपास के क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव मामले ज्यादा आने के कारण लोगों को और भी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता मंदीप गुप्ता ने कहा कि यह योजना पिछले दो दिनों में लगातार बिजली की समस्या आने के कारण प्रभावित हुई है। विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शीघ्र ही पेयजल समस्या का समाधान किया जाए।
------------