नाहन (सिरमौर)। बरसात के दिनों में भी नाहन शहर प्यासा है। लोग हैंडपंप व टैंकर आदि से अपनी प्यास बुझाने के लिए विवश हो रहे हैं। आईपीएच विभाग आज तक लीकेज रोकने में नाकाम रहा है। नाहन शहर को पेयजल सप्लाई करने वाली खैरी उठाऊ पेयजल योजना के राइजिंग मैन में कई जगह लीकेज की समस्या चल रही है। वहीं बरसात में इस लाइन के बार-बार टूटने की वजह से शहर के लोग तंग आ चुके हैं।
हाल ही में गोबिंदगढ़ मोहल्ला के पास राइजिंग मैन मलबे के नीचे दबने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद शहरवासियों को चार दिन पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। बुधवार को नौणी का बाग व विल्ला राउंड के पास राइजिंग मैन फट गई। इससे वीरवार को शहर के कई हिस्सों में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। हालांकि विभाग ने इसे दुरुस्त कर दिया है, लेकिन पानी को स्टोर करने में कई घंटे लग जाते हैं। इस वजह से शहर के लोगों को समय पर पेयजल आपूर्ति भी नहीं की जा सकती। खैरी पेयजल योजना की नई राइजिंग मैन बिछाने का कार्य चल रहा है, मगर अभी इसे पूरा होने में काफी वक्त लगेगा। तब तक पुरानी राइजिंग मैन से ही शहर वासियों को पानी की आपूर्ति की जाएगी, मगर इस लाइन के बार-बार फटने, लीकेज व अन्य समस्याओं से भी इनकार नहीं किया जा सकता है।
--
मांग 75 लाख, पानी मिल रहा 35 लाख लीटर
50 हजार के करीब आबादी वाले नाहन शहर में पानी की मांग 75 लाख लीटर के करीब है। जबकि शहर को दो पेयजल योजनाओं से 35 लाख लीटर के करीब पानी की आपूर्ति हो रही है। 1990 के दशक में बनी खैरी उठाऊ पेयजल योजना से 28 लाख व रियासतकाल से चली आ रही नेहर स्वार प्रवाह पेयजल योजना से 8 लाख लीटर के करीब पानी सप्लाई होता है। इसी वजह से पिछले लंबे समय से शहर को तीसरे दिन पानी मिलता है। शहर में पानी की वितरण व्यवस्था भी सही न होने से भी कई लोगों को पानी नहीं मिलता।
---
राइजिंग मैन को किया दुरुस्त
उधर, आईपीएच विभाग के एक्सईएन राजेश मोगरा ने बताया कि बुधवार को नौणी का बाग में राइजिंग मैन फट गया था। इस वजह से पानी की सप्लाई बाधित रही। उन्होंने बताया कि विल्ला राउंड व नौणी का बाग में इसे दुरुस्त कर दिया है। जल्द ही शहर को पेयजल आपूर्ति की जाएगी।