नाहन (सिरमौर)। शहर के रानीताल वार्ड स्थित अशोक की चक्की वाली गली में लोगों को पेयजल पाइपों के जाल से काफी हद तक राहत मिल गई है। नगर परिषद ने पाइपों से घिरे सड़क के हिस्से पर सीमेंट और बजरी का घोल डालकर पट्टी बना दी है। इससे गली में पैदल चलने वालों को खड़े होने के लिए जगह मिल गई है और हादसे की आशंका भी कम हुई है।
गली में पेयजल पाइपों का जाल बिछा होने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति यह थी कि दोपहिया वाहन आने पर राहगीरों को पाइपों के ऊपर खड़े होकर रास्ता देना पड़ता था। फिसलन भरी पाइपों पर संतुलन बनाना मुश्किल होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए यह स्थिति विशेष रूप से जोखिम भरी थी। ऐसे में किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती थी।
स्थानीय लोगों ने इस समस्या को समाचार पत्र और मेरी आवाज सुनो कॉलम के माध्यम से उठाकर नगर परिषद का ध्यान आकर्षित किया था। लोगों की लगातार मांग के बाद नगर परिषद ने सड़क के उस हिस्से पर सीमेंट और बजरी का घोल डालकर पट्टी बना दी, जहां पाइपों का जाल फैला हुआ था। इससे अब दोपहिया वाहन के गुजरने के दौरान राहगीरों को खड़े होने के लिए सुरक्षित जगह मिल सकेगी।
स्थानीय निवासी मयंक, पूजा, जितेंद्र, राजेंद्र और दीपू ने समस्या के समाधान के लिए नगर परिषद का आभार जताया है।-