संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन के वार्ड नंबर दो यशवंत विहार इलाके में लोगों के घरों में बारिश का पानी और मलबा घुस गया। इसके कारण लोगों का कीमती सामान खराब हो गया और उनको भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा। परेशान लोग बुधवार को पार्षद पद के उम्मीदवार मनीष जैन की अगुवाई में उपायुक्त से मिले और उनको समस्या से अवगत करवाकर उसके समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल मनीष जैन ने मीडिया को बताया कि पिछले कल भारी बारिश हुई। इसके कारण यशवंत विहार इलाके में एनएच पर लगा डंगा ढह गया। ऐसा इसलिए हुआ कि नाहन कॉलेज का सारा पानी वहां पर आ रहा है और जलनिकासी के लिए वहां पर नालियां नहीं बनी हुई है। इससे डंगे पर दबाव पड़ा और वह ढह गया। इसके कारण मलबा और पानी स्थानीय लोगों अमरनाथ और चंचल के घरों में घुस गया। इसके कारण उनका फर्नीचर समेत दूसरा कीमती सामान खराब हो गया।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के समाधान को लेकर उपायुक्त से जल निकासी नालियां बनाने की मांग की गई है। उपायुक्त ने भी समस्या के शीघ्र समाधान की बात कही है।