-उपभोक्ताओं का लिया जा रहा रिकाॅर्ड, टैंकों में फुटवाॅल्व लगाने के निर्देश
धर्म सिंह तोमर
नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर में यदि पानी का टैंक ओवरफ्लो हुआ तो बिना किसी नोटिस के विभाग उपभोक्ता का कनेक्शन काटेगा। पानी की बर्बादी को लेकर विभाग ने यह कदम उठाया है। इसको लेकर विभाग के आलाधिकारियों ने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। जल शक्ति विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि शहर में कई स्थानों पर निजी व सरकारी भवनों में स्थापित पेयजल स्टोरेज टैंकों से पानी ओवरफ्लो होकर व्यर्थ बहता है। जब भी विभाग की तरफ से पेयजल सप्लाई की जाती है तब ही यह घंटों तक पानी बहता है। ऐसे टैंकों में उपभोक्ताओं ने पानी सप्लाई स्वयं बंद हो जाने के लिए फुटवाॅल्व नहीं लगाए हैं। ऐसे में न केवल पानी की बर्बादी हो रही है वहीं अन्य लोगों को पानी कम मिलता है। इतना ही नहीं कईं स्थानों पर लोग पानी की बर्बादी अन्य फिजूल कार्यों के लिए भी कर रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं का रिकाॅर्ड लिया जा रहा है और जल्द विभाग कनेक्शन काटने को लेकर अभियान चलाएगा।
.......बाक्स........
विभाग को चुकाना पड़ रहा लाखों का बिजली बिल
नाहन शहर को तीन योजनाओं गिरि, नेहरस्वार व खैरी से पानी की आपूर्ति होती है। इसमें एक नेहरस्वार योजना ग्रेवटी योजना है जबकि गिरि व खैरी उठाऊ पेयजल योजनाएं हैं। शहर में पानी पहुंचाने के लिए विभाग को प्रतिमाह लाखों का बिजली बिल चुकाना पड़ता है। इसके अलावा कर्मियों की मेहनत व अन्य खर्च काफी अधिक रहता है। कई बार बिल का भुगतान भी लंबित रहता है। ऐसे में जब पानी व्यर्थ बहता है तो न केवल पानी की बर्बादी होती है साथ ही मेहनत व पैसे दोनों की बर्बादी होती है। इसको देखते हुए विभाग ने अब कड़ी कार्रवाई का संकेत दिया है।
........बाक्स......
60 लाख लीटर प्रतिदिन पहुंच रहा पानी
नाहन शहर में प्रतिदिन 60 लाख लीटर के करीब पानी की आपूर्ति तीनों योजनाओं से हो रही है। हालांकि शहर में आबादी के हिसाब से 45 लाख लीटर पानी की खपत हो रही है। ऐसे में विभाग अपने टैंकों में पानी को स्टोर करता है ताकि योजना प्रभावित हो तो लोगों को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े। हालांकि इस बार बरसात के मौसम में खैरी व गिरि पेयजल योजनाओं के करीब एक माह तक प्रभावित रहने पर लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा था।
-नाहन में पानी पंहुचाने को लेकर लाखों रुपये खर्च होते हैं। जब कड़ी मेहनत व पैसा खर्च कर पहुंचाया गया पानी लापरवाही से ओवरफ्लो होकर व्यर्थ बहता है तो दुख होता है। कईं सरकारी व निजी भवनों से नियमित रूप से पानी ओवरफ्लो होने की शिकायतें मिल रही हैं। टीम को आदेश दिए गए हैं कि ऐसे उपभोक्ताओं के बिना किसी पूर्व नोटिस के कनेक्शन काट दिए जाएं।
-राजीव महाजन, अधीक्षण अभियंता जलशक्ति विभाग सिरमौर
संवाद