नाहन (सिरमौर)। मतदान करना हर व्यक्ति का सांविधानिक अधिकार है। प्रत्येक वयस्क व्यक्ति को अपने मताधिकार का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। यह विचार जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सिरमौर डॉ. आरके परूथी ने जिला परिषद भवन में निर्वाचन विभाग के सौजन्य से आयोजित 10वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के जिला स्तरीय समारोह के उपलक्ष्य पर व्यक्त किए। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं ने आकर्षक भाषण प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।
डीसी ने कहा कि चुनाव के दौरान असंख्य लोग वोट नहीं डालते। यह लोकतंत्र की परंपरा एवं गरिमा के अनुरूप नहीं है। 25 जनवरी को 2011 से हर वर्ष राष्ट्रीय मतदाता दिवस आयोजित किया जाता है। इसमें मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2020 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले सभी युवाओं को अपना नाम मतदाता सूची में पंजीकृत करने के लिए जिला में विशेष अभियान आरंभ किया गया है। इसके लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर फार्म भरने की सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इससे पहले तहसीलदार निर्वाचन राजेश तोमर ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के बारे में जानकारी दी। नायब तहसीलदार निर्वाचन गोपी चंद डोगरा ने मतदाता दिवस पर कविता प्रस्तुत की। मुख्य चुनाव आयुक्त भारत निर्वाचन आयोग का संदेश प्रोजेक्टर के माध्यम से लोगों को प्रदर्शित किया गया। इसके अतिरिक्त कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला की छात्रा सविता, शमशेर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के छात्र साहिल ठाकुर, आईटीआई नाहन की छात्रा शालिनी और डाइट नाहन की रविना चौहान ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शानदार भाषण दिया। बडाबन एवं अपर आंबवाला के महिला मंडल समूहों ने मतदाता दिवस पर आधारित समूहगान प्रस्तुत किए। इस अवसर पर तहसीलदार नारायण चौहान, बीडीओ नाहन अनूप शर्मा, अधीक्षक तेजेंद्र ठाकुर सहित विभिन्न स्कूलों के प्रधानाचार्य और अध्यापकों ने भाग लिया।