पांवटा साहिब(सिरमौर)। विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल सिरमौर इकाई ने आतंक के आका पाकिस्तान का झंडा व देश के गद्दारों का पुतला फूंका। जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के कार्य को शौर्य दिवस के रूप में मनाया। भारतवासियों को एकजुट होकर देश के दुश्मन व गद्दारों को सबक सिखाने का आह्वान किया। विरोध प्रदर्शन के बाद विहिप के वक्ताओं ने कहा कि पाकिस्तान की हर नापाक हरकतों को मुंहतोड़ जवाब मिलना जरूरी है।
मंगलवार दोपहर बजरंग दल व विहिप के कार्यकर्ता गीता भवन परिसर में एकत्र हुए। विहिप सिरमौर मंत्री दीपक भंडारी, जिला अर्चक पुरोहित सीता राम, जिला सुरक्षा प्रमुख बजरंग दल अजय संसरवाल, प्रखंड संयोजक अमन तोमर, सत्संग प्रमुख मनोज मदान, सुरक्षा प्रमुख ईशान देव त्यागी, सुमित भाटिया, पूर्व नप अध्यक्ष संजय सिंघल, मनोनीत पार्षद राजेश चौधरी नीलू, दर्शन सिंह माटा, रोहित शर्मा, सुभाष कुमार, गिरिराज, धर्म सिंह, दीपक कुमार व राहुल समेत कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान मुर्दाबाद के जमकर नारे लगाए। इसके बाद दीपक भंडारी समेत वक्ताओं ने कहा कि हिंदुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बाबा अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के सहयोगियों व देश के गद्दारों की पोल खुल गई है।
यात्रियों के लिए लगे भंडारों, टेंटों व श्रद्धालुओं पर हमले हो रहे हैं। पाकिस्तान के उकसाने पर देश के गद्दारों द्वारा हमले जैसे कायरतापूर्ण घिनौना कार्य किया जा रहा है। पाकिस्तान को सैकड़ों मासूम स्कूली बच्चों पर हमले के दिन को काला दिवस मनाना चाहिए। जबकि आतंकी के मारे जाने पर काला दिवस मनाने का फैसला लिया जिससे पूरे विश्व में आतंक समर्थित राष्ट्र होने की खुद ही मोहर लगा दी है। सेना व यात्रियों पर आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। मुख्य बाजार में गीता भवन के समीप पाकिस्तान का झंडा जलाया।