पांवटा साहिब उपमंडल में 40 हजार से ज्यादा पशुओं का टीकाकरण हो रहा: डॉ. महाजन
पशु चिकित्सा अधिकारी बोले पशुपालक-डेयरी संचालक अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। मानसून में पशुधन की सुरक्षा को जिले में पशुओं में गलघोंटू काला बुखार को लेकर डोर-टू-डोर मुफ्त टीकाकरण महाअभियान तेज कर दिया गया है। मानसून में बैक्टीरिया का प्रकोप, गलघोंटू और काले बुखार घातक जीवाणु जनित रोगों का प्रकोप बढ़ने लगता है। ऐसे में मवेशियों की रक्षा पांवटा साहिब उपमंडल के तहत करीब 40 हजार से ज्यादा पशुओं का टीकाकरण हो रहा है। पशु चिकित्सा अधिकारी ने समस्त किसानों और डेयरी संचालकों से आग्रह किया है कि वे इस अभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
पशुपालन विभाग ने सिरमौर जिले में मानसून के दौरान पशुधन को जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए विशेष टीकाकरण महाअभियान शुरू किया गया है। पशुपालन विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों में निशुल्क और डोर-टू-डोर टीकाकरण की विशेष व्यवस्था की है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मानसून के गीले मौसम में तेजी से फैलने वाले गलघोंटू और बुखार जैसे घातक जीवाणु बैक्टीरिया जनित रोगों से मवेशियों की रक्षा करना है।
पशुपालन विभाग पांवटा साहिब के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित महाजन ने बताया कि पांवटा साहिब में 40 हजार से ज्यादा छोटे-बड़े पशु पंजीकृत हैं। बरसात के मौसम में वातावरण में अत्यधिक नमी और उमस के कारण गलघोंटू लंगड़ी बुखार बैक्टीरिया अत्यधिक सक्रिय हो जाते हैं। यह समय पशुओं के लिए बेहद संवेदनशील होता है। उन्होंने बताया कि पशुपालकों को अपने मवेशियों को लेकर दूर अस्पतालों में न जाना पड़े, इसलिए विभाग की टीमें खुद पशुपालकों के घर-घर पहुंच रही हैं और टीकाकरण किया जा रहा है।
इस महाअभियान के तहत दी जाने वाली सभी वैक्सीन और दवाएं पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण के साथ-साथ किसानों को मानसून में पशुओं के रखरखाव और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।