पांवटा साहिब (सिरमौर)। स्मैक सप्लाई करने वाले अंतराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना को उत्तराखंड पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपी के कब्जे से करीबन एक करोड़ रुपये की स्मैक भी बरामद हुई है। गौर हो कि कुछ दिन पहले ही सहसपुर पुलिस ने पांवटा साहिब के गांव टोका के निवासी सत्तार अली पुत्र शब्बीर अहमद सहित तीन को गिरफ्तार किया था। इन तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अब रहीम निवासी बरेली यूपी से तकरीबन एक करोड़ रुपये की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
हाल ही में पांवटा साहिब में एक महिला को पुलिस ने स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। महिला की शिनाख्त शिलाई में पकड़े गए तीन युवाओं की गिरफ्तारी के बाद हुई थी। जिन्होंने पुलिस पूछताछ में गीता देवी वार्ड नंबर 9 पांवटा साहिब का नाम लिया था। इसके बाद शिलाई पुलिस की मदद से स्थानीय पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया और 9.06 ग्राम स्मैक महिला के घर से बरामद की गई थी। डीएसपी पांवटा साहिब बीर बहादुर ने बताया कि पुलिस नशा माफिया के खिलाफ कड़े कदम उठा रहे हैं। हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।