ददाहू (सिरमौर)। सिविल अस्पताल ददाहू में मंगलवार को कोरोना वैक्सीनेशन शिविर में हंगामा हो गया। यहां टीकाकरण के लिए पहुंचे लोगों को कर्मचारी ने वैक्सीन न होने की बात कहकर लौटा दिया। इस दौरान लोग भड़क गए और हंगामा होने पर मीडिया कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मामला मुख्य चिकित्सा अधिकारी तक पहुंचा और उनके दिशानिर्देश पर शिविर को करीब साढ़े ग्यारह बजे शुरू किया जा सका। सिविल अस्पताल ददाहू में मंगलवार और शुक्रवार को 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए वैक्सीन लगवाने की सुविधा है। लेकिन मंगलवार को वैक्सीन लगवाने आए लाभार्थियों को वैक्सीन न होने का बहाना बनाकर वापस भेज दिया। जबकि अस्पताल में वैक्सीन मौजूद थी।
दूरदराज के ग्रामीण इलाकों से लाभार्थी वैक्सीनेशन करवाने अस्पताल पहुंचे थे। जिन्हें दोपहर तक अपने घरों को वापस भी लौटना था। सीएमओ और बीएमओ से संपर्क साधने के बाद ही वैक्सीनेशन का कार्य साढे़ 11 बजे के बाद शुरू हो पाया। इसके बाद लाभार्थियों ने राहत की सांस ली। सीएमओ डॉ. केके पराशर ने बताया कि लाभार्थियों को वैक्सीन न लगने की कोई जानकारी नहीं है। जिले में वैक्सीन की पर्याप्त खेप है। मामले के बारे में जांच की जाएगी।