छात्र और छात्रा वर्ग की अलग-अलग आयोजित की जाएंगी खेलकूद स्पर्धाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले में अंडर-14 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैंं। यह प्रतियोगिता 7 से 16 अक्तूबर तक आयोजित की जाएगी। छात्र और छात्रा वर्ग में अलग-अलग होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए आयोजन स्थलों का भी चयन कर लिया गया है।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला माजरा में छात्रा वर्ग की मेजर खेलें 7 से 9 अक्तूबर तक खेली जाएंगी। यहां पर बॉस्केटबाल, हॉकी, हैंडबाल, जूडो, रेसलिंग स्पर्धाएं होंगी। जबकि 7 अक्तूबर को ताइक्वांडों के ट्रायल होंगे। इसी प्रकार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बनकला में 7 से 9 अक्तूबर तक छात्रा वर्ग के माइनर खेल होंगे। इसमें बैडमिंटन, वॉलीबाल, खो-खो, कबड्डी, बॉक्सिंग, जूडो, रेसलिंग शामिल हैं। जबकि 7 अक्तूबर को ताइक्वांडों के ट्रायल होंगे।
उन्होंने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिवपुर में 11 से 13 अक्तूबर तक छात्रा वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता होगी। इसमें बैडमिंटन, वॉलीबाल, खो-खो और कबड्डी प्रतियोगिताएं शामिल हैं। जबकि 11 से 13 अक्तूबर तक ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुर देवड़ा में बॉस्केटबाल, हॉकी, फुटबाल व हैंडबाल की खेलें होंगी।
उन्होंने बताया कि 15 से 18 अक्तूबर तक शमशेर स्कूल नाहन, प्राथमिक मॉडल स्कूल नाहन और बड़ा चौक नाहन भी जिला स्तरीय खेलकूद की मेजबानी करेंगे। यहां पर दो-दो दिन छात्र-छात्रा वर्ग की खेलकूद होंगी। इसमें एथलेटिक्स, शतरंज, योग और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें एकल गीत, शास्त्रीय गीत, एकांकी नाटक, लोक नृत्य और समूहगान स्पर्धाएं होंगी।
संवाद