पांच अलग-अलग केंद्रों पर जुटेंगे खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अंडर-14 जिला स्तरीय (माइनर व मेजर) छात्र एवं छात्रा वर्ग की खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का महाकुंभ 19 सितंबर से 4 अक्तूबर तक चलेगा। इसमें जिले के विभिन्न सरकारी व निजी स्कूलों के खिलाड़ी अपना दमखम दिखाएंगे।
उप-निदेशक प्रारंभिक शिक्षा सिरमौर नाहन ने इस बार प्रतियोगिताओं को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए पांच अलग-अलग शैक्षणिक संस्थानों को मेजबानी सौंपी है। 19 से 21 सितंबर तक छात्र वर्ग की बास्केटबॉल, हॉकी, फुटबॉल, हैंडबॉल और कुश्ती प्रतियोगिताएं तारूवाला स्कूल में होंगी। जबकि 19 से 21 सितंबर तक छात्रा वर्ग की वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और बैडमिंटन के कड़े मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू में खेले जाएंगे।
इसके अलावा 25 से 27 सितंबर तक छात्रा वर्ग की बास्केटबॉल, हॉकी, हैंडबॉल और कुश्ती चैंपियनशिप का आयोजन राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पांवटा साहिब में होगा। 25 से 27 सितंबर तक छात्र वर्ग की वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती के मुकाबले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिवपुर में आयोजित होंगे।
अंतिम चरण में 1 से 4 अक्तूबर तक एथलेटिक्स, शतरंज, जूडो, योग, कुराश, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस और सांस्कृतिक गतिविधियों का भव्य आयोजन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुरूवाला में किया जाएगा। इस 4 दिवसीय प्रतियोगिता के शुरुआती दो दिन छात्रों के लिए और अंतिम दो दिन छात्राओं के लिए आरक्षित रहेंगे। यह जानकारी प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक राजीव ठाकुर ने दी।