नाहन (सिरमौर)।प्रदेश विश्वविद्यालय की 45वीं अंतर महाविद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता में ऊना ने नालागढ़ की टीम को चारों खाने चित्त कर ट्रॉफी का कब्जा जमाया। ऊना व नालागढ़ के बीच शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में ऊना ने 39 और नालागढ़ ने 32 अंक बटोरे। इस प्रतियोगिता में नालागढ़ को उपविजेता की ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा। तीसरे स्थान के लिए नाहन और बिलासपुर में संघर्षपूर्ण मुकाबले में बिलासपुर ने 4 अंकों से जीत हासिल की।
हिमफेड के चेयरमैन अजय बहादुर कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शरीक हुए। उन्होंने विजेता टीम ऊना को ट्रॉफी प्रदान की और उपविजेता व तीसरे स्थान पर रहे खिलाड़ियों को पुरस्कार बांटे। इससे पूर्व नाहन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिनेश कुमार भारद्वाज ने मुख्यातिथि कंवर अजय बहादुर को महाविद्यालय परिवार की ओर से सम्मानित किया।
बाक्स--------
नाहन को किया विजयी घोषित
शनिवार सुबह नाहन और जुखाला के बीच री-मैच में जुखाला टीम के मैदान पर रिपोर्ट न करने के कारण नाहन को विजयी घोषित कर दिया गया। कुल्लू और घुमारवीं में हुए मुकाबले में कुल्लू 19 अंकों से विजेता रहा। वहीं ऊना ने मंडी को 32 अंकों के अंतर से हराया। भटोली और बिलासपुर के बीच हुए मैच में बिलासपुर ने 62 अंक बटोरे तो भटोली केवल 25 अंक ही बटोर पाई और 43 अंकों से मैच गंवा दिया। नाहन और कोटशेरा के बीच हुए मैच में नाहन ने कोटशेरा को 2 अंकों से हरा कर जीत हासिल की। नालागढ़ ने कुल्लू की टीम को 17 अंकों के अंतर से हराया। पहले सेमीफाइनल मुकाबले में ऊना ने मेजबान नाहन टीम को 12 अंकों से हरा दिया।
---------------
क्यों नहीं खेली जुखाला की टीम
प्रतियोगिता में जुखाला की टीम ने हिस्सा क्यों नहीं लिया। इसको लेकर चर्चा का बाजार गर्म है। वीरवार को जुखाला और नाहन के बीच हुए मैच के दौरान विवाद हो गया था। प्रतियोगिता में जुखाला को विजेता घोषित किया गया था लेकिन प्रशंसकों की नारेबाजी और हंगामे के बाद मैच नए सिरे से करवाने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन शनिवार सुबह आठ बजे रखे गए मैच को खेलने के लिए जुखाला की टीम पहुंची ही नहीं।