सचित्र
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें घर-द्वार पर स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में यूकोआरसेटी सिरमौर लगातार सराहनीय पहल कर रहा है। इस कड़ी में राजपुर धगाली में आयोजित 12 दिवसीय अगरबत्ती निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का सोमवार को नाहन कार्यालय में समापन समारोह आयोजित किया गया।
इस शिविर में क्षेत्र की 30 महिलाओं ने न केवल अगरबत्ती बनाने के गुर सीखे, बल्कि अपने सपनों को नई उड़ान देने का संकल्प भी लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को कच्चे माल की पहचान से लेकर अगरबत्ती बनाने की प्रक्रिया, आकर्षक पैकेजिंग और बाजार में उत्पाद बेचने (मार्केटिंग) की बारीकियों से अवगत कराया गया।
डोमेन स्किल प्रशिक्षक किरण नेगी ने महिलाओं को इस सूक्ष्म उद्योग की बारीकियां सिखाईं। यूकोआरसेटी की निदेशक मंजीत ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करना और महिलाओं को लघु उद्योग स्थापित करने के लिए सक्षम बनाना है।
समापन समारोह में गृह मंत्रालय राजभाषा के सहायक निदेशक जेके मंडल, राजभाषा अधिकारी कुशल तिवारी, आयकर विभाग के निरीक्षक मेहर चंद और आईआईएम सिरमौर के अधिकारी अतुल अग्रवाल, नवोदय स्कूल के प्रधानाचार्य जगदम्बा प्रसाद, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सनोज कुमार उपस्थित रहे।
उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में कौशल विकास ही आत्मनिर्भरता की कुंजी है। उन्होंने महिलाओं को प्रोत्साहित किया कि वे सीखे हुए हुनर का उपयोग कर अपना स्वरोजगार शुरू करें और समाज में एक मिसाल पेश करें। प्रशिक्षण लेने वाली महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह शिविर उनके लिए बेहद प्रेरणादायक रहा। प्रतिभागियों के अनुसार, अब वे खुद का छोटा व्यवसाय शुरू कर अपने परिवार की आर्थिक मदद कर सकेंगी। आरसेटी निदेशक मंजीत ने सभी प्रशिक्षुओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके प्रयासों की सराहना की।
-बाक्स
12 मई से शुरू होगा एलएमवी ड्राइविंग ट्रेनिंग
यूकोआरसेटी सिरमौर की निदेशक मंजीत ने भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 12 मई से 31 दिवसीय एलएमवी (लाइट मोटर व्हीकल) ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है। इच्छुक उम्मीदवार आरसेटी कार्यालय नाहन में आकर इसके लिए निशुल्क पंजीकरण करवा सकते हैं।
-संवाद