संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/सतौन/रोनहाट (सिरमौर)। यूकोआरसेटी नाहन की ओर से सतौन के मानल गांव में महिलाओं के लिए 13 दिवसीय कृषि उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसमें क्षेत्र की 25 महिलाओं को कृषि के क्षेत्र में नए स्टार्टअप और उद्यम स्थापित करने के व्यावहारिक टिप्स दिए जा रहे हैं।
आरसेटी की संकाय सदस्य तानिया भाटिया ने बताया कि डोमेन सदस्य अनिल ठाकुर मुख्य प्रशिक्षक के रूप में महिलाओं को कृषि उद्यमी बनने से जुड़ी बारीकियों और आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्रदान कर रहे हैं। 13 दिवसीय शिविर में महिलाओं को ऑर्गेनिक फार्मिंग (जैविक खेती), डेयरी फार्मिंग, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीके और फसलों में कीटनाशकों के सही और सुरक्षित इस्तेमाल की तकनीक सिखाई जा रही है।
इसके अलावा, कम लागत में बेहतर मुनाफा कमाने के लिए फूल उत्पादन, मधुमक्खी पालन और मशरूम उत्पादन जैसे विषयों पर भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
संवाद