संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन(सिरमौर)। यूकोआरसेटी कार्यालय नाहन में निशुल्क ब्यूटी पार्लर ट्रेनिंग कोर्स सफलतापूर्वक चल रहा है। इसमें मुख्य प्रशिक्षिका और सौंदर्य विशेषज्ञ ज्योति ठाकुर महिलाओं को बेहद आधुनिक और व्यावहारिक (प्रैक्टिकल) तरीके से ब्यूटीशियन की बारीकियां सिखा रही हैं।
संकाय सदस्य मनीषा चौहान ने बताया कि 35 दिनों के इस सघन (इंटेंसिव) ट्रेनिंग प्रोग्राम में 35 महिलाओं को थ्योरी के साथ-साथ लाइव प्रैक्टिकल के जरिये ब्यूटी इंडस्ट्री के हर ट्रेंड में एक्सपर्ट बनाया जा रहा है। इसमें डे-नाइट मेकअप, कॉर्पोरेट लुक, ग्लोइंग पार्टी मेकअप और शादियों के सीजन के लिए सबसे डिमांडिंग एचडी ब्राइडल मेकअप का विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसके अलावा विभिन्न प्रकार की त्वचा (ड्राई, ऑयली, कॉम्बिनेशन) की पहचान करना, ब्लीच, क्लीन-अप और स्किन टोन के हिसाब से अत्याधुनिक फेशियल व मसाज टेक्नीक और ट्रेंडी हेयर कट्स (लेयर, स्टेप, लेजर, वी-कट), हेयर स्पा, हेयर कलरिंग, स्मूदनिंग और अलग-अलग मौकों के लिए आकर्षक हेयर स्टाइलिंग भी सिखाई जा रही है। जबकि हाथ-पैरों की वैज्ञानिक तरीके से ग्रूमिंग, मसाज और आजकल ट्रेंड में चल रही क्रिएटिव नेल आर्ट और आइब्रो को सटीक शेप देना और पेन-लेस वैक्सिंग के प्रोफेशनल तरीके का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों से आईं महिलाओं की सुविधा का ध्यान रखते हुए संस्थान ने बेहतरीन इंतजाम किए हैं। कोर्स की पूरी अवधि के दौरान सभी प्रशिक्षार्थियों के लिए कैंपस में ही फ्री बोर्डिंग (रहना) और फ्री लॉजिंग (खाना) की उत्तम व्यवस्था की गई है, ताकि महिलाएं बिना किसी आर्थिक-मानसिक तनाव के पूरा ध्यान सिर्फ अपना हुनर निखारने और अपनी आर्थिकी को मजबूत करने में लगा सकें।