राजगड़(सिरमौर)। बडू साहिब में दो दिवसीय बैसाखी मेला शुरू हो गया है।
भव्य शोभायात्रा में बडू साहिब से गुरुग्रंथ साहिब जी को भव्य पालकी में सुशोभित किया गया। भलटा मछेर तक शोभा यात्रा निकाली गई जिसमें लगभग तीन हजार से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। इस अवसर पर यहां प्रात: अमृत वेल प्रकाश श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी वाहिगुरु गुरु मन्त्र का सिमरन किया गया।
सुखमनी साहिब कीर्तन आसा की वारए कार्यक्रम आयोजित किया गया। उसके बाद अमृत कीर्तन, ढाडी व रागी जत्थों ने गुरु जी के इतिहास की जानकारी दी। शाम को अकाल अकादमी के विद्यार्थियों की ओर से पाठ सुखमनी साहिब, अमृत कीर्तन, कथा विचार व गुुरुजी के शौर्य से जुड़े इतिहास का बढ़िया ढंग से मंचन किया गया।
गुरु ग्रंथ साहिब जी की पालकी को गुरुद्वारा साहिब से सुशोभित करके बैंड, गतका खेल, आतिशबाजी व कीर्तन करते हुए शोभा यात्रा मछेर तक गई। फिर वापिस गुरुद्वारा साहिब तक लाई गई। इस दौरान श्रद्धालुओं को पूरे रास्ते भर में जगह-जगह फल, मिठाइयाें के स्टाल व पानी की छबील की बेहतरीन व्यवस्था बडू साहिब गुरुद्वारा प्रबंधन द्वारा की गई थी।