103 स्वयंसेवियों ने चलाया स्वच्छता अभियान, हनुमान मंदिर परिसर को भी किया साफ
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय सराहां में शुक्रवार को एक पेड़ मां के नाम 3.0 अभियान के तहत पौधरोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), इको क्लब, रोवर एवं रेंजर, एनसीसी इकाई तथा ग्राम पंचायत सराहां के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान के दौरान महाविद्यालय परिसर और गोद लिए गए गांव सराहां के जोहना घाट स्थित हनुमान मंदिर परिसर में विभिन्न प्रजातियों के 100 पौधे लगाए गए। इस अभियान में 103 स्वयंसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गुलशन कुमार धीमान ने पौधरोपण कर किया। अभियान के दौरान आंवला, बीयूल, कचनार, दाडो, बांस और बहेड़ा प्रजातियों के पौधे रोपे गए। पौधरोपण के साथ स्वयंसेवियों ने हनुमान मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की, खरपतवार हटाई तथा परिसर को स्वच्छ और सुंदर बनाया। स्वयंसेवियों ने मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन में भी भाग लेकर सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों का संदेश दिया।
प्राचार्य ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण देने का जन-आंदोलन है। उन्होंने स्वयंसेवियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
अभियान में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. दिनेश कुमार, डॉ. राजन कौशल, प्रो. देवेंद्र कुमार, डॉ. मोल्लम डोलमा, प्रो. जीना गुप्ता, प्रो. कृष्ण कुमार, डॉ. रीमा शर्मा, डॉ. प्रियंका सराव, कार्यालय सहायक संजीव कुमार, पंचायत प्रधान किरण शर्मा, वार्ड सदस्य नरेश शर्मा तथा महाविद्यालय के अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।