-40 का कार्य का पूरा, लो वोल्टेज की समस्या से मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शहरवासियों को लंबे समय से परेशान कर रही लो वोल्टेज की समस्या से जल्द निजात मिलने वाली है। बिजली बोर्ड ने नाहन शहर में डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर (डीटीआर) की अपग्रेडेशन का कार्य तेज कर दिया है। इस योजना के तहत पूरे शहर में कुल 110 डीटीआर को अपग्रेड किया जाना है।
बिजली बोर्ड के अनुसार अब तक करीब 40 डीटीआर अपग्रेड किए जा चुके हैं, जिससे कई क्षेत्रों में वोल्टेज की समस्या में सुधार देखने को मिला है। बोर्ड का दावा है कि शेष कार्य भी चरणबद्ध तरीके से जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
विद्युत उपमंडल नाहन के सहायक अभियंता संतोष कुमार ने बताया कि शहर में बढ़ती बिजली खपत और पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता कम होने के कारण लो वोल्टेज की समस्या सामने आ रही थी। इसे ध्यान में रखते हुए डीटीआर की क्षमता बढ़ाने और उन्हें आधुनिक बनाने का कार्य शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि अपग्रेडेशन के बाद उपभोक्ताओं को स्थिर और पर्याप्त वोल्टेज उपलब्ध होगा, जिससे घरेलू उपकरणों के खराब होने का खतरा भी कम होगा। साथ ही व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी निर्बाध बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा। संवाद