पांवटा की तीन संपर्क सड़कों की डीपीआर मंजूरी को भेजी
-करीब 18 किलोमीटर सड़कों के निर्माण से आधा दर्जन से अधिक गांवों को मिलेगी बेहतर सुविधा
राजपुर-कंडेला, अड्डेन-डोडली डावड़ी-केरका और मेहरुवाला-अपर भगानी-बद्दी बेड़ा मार्ग शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब/पुरूवाला (सिरमौर)। पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की तीन संपर्क सड़कों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत मंजूरी के लिए भेजा गया है। करीब 18 किलोमीटर लंबाई वाले इन सड़क मार्गों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर भेजी गई है। मंजूरी मिलने पर आधा दर्जन से अधिक गांवों और ग्रामीण बस्तियों के सैकड़ों परिवारों को बेहतर पक्की सड़क सुविधा मिल सकेगी।
लोक निर्माण विभाग के पांवटा साहिब मंडल ने इन तीनों सड़कों की डीपीआर तैयार की है। इनमें आंजभोज क्षेत्र की राजपुर से कंडेला सड़क, जिसकी लंबाई करीब साढ़े छह किलोमीटर है, शामिल है। इसके अलावा अड्डेन से डोडली डावड़ी होते हुए केरका तक करीब सात किलोमीटर सड़क तथा मेहरुवाला से अपर भगानी होते हुए बद्दी बेड़ा तक करीब साढ़े चार किलोमीटर सड़क को भी योजना में शामिल करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रामभज तोमर ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत तीनों सड़कों की डीपीआर केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजी गई है। स्वीकृति मिलने पर इन मार्गों पर टारिंग, सोलिंग, बेयरिंग और ड्रेनेज से संबंधित कार्य किए जा सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होगा और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।-