नाहन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जानकारी हासिल करतीं आशा कार्यकर्ता। संवाद
स्वास्थ्य विभाग ने आशा कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नई चयनित आशा कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे दिन प्रसवोत्तर जांच, खानपान और स्वच्छता पर प्रशिक्षण दिया गया। स्वास्थ्य शिक्षिकाओं कोमल चौहान और कृष्णा राठौर ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान और प्रसव के बाद महिलाओं को अपने आहार में क्या शामिल करना चाहिए और स्वच्छता का किस प्रकार ध्यान रखना चाहिए।
इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं को पूर्व में दिए गए प्रशिक्षण का पुनः अभ्यास भी करवाया गया। स्वास्थ्य शिक्षिका कोमल चौहान ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलेभर की नई चयनित 22 आशा कार्यकर्ता भाग ले रही हैं। उन्हें कार्य और जिम्मेदारियों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अब तक आशा कार्यकर्ताओं को सुरक्षित प्रसव कराना, टीकाकरण, स्तनपान में सहयोग, पूरक आहार देना और परिवार नियोजन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा चुका है।