पांवटा नगर परिषद वार्ड-9 स्थित एक मकान में दिनदहाड़े लाखों की चोरी की वारदात का मामला प्रकाश में आया है। परिवार देहरादून रिश्तेदार के घर व शापिंग के लिए गया था। वापस पांवटा पहुंचने पर घर के दरवाजे व अलमारियों के ताले टूटे मिले। अज्ञात चोर ढाई लाख नकदी, टैब और ज्वैलरी पर हाथ साफ कर गए हैं। सूचना मिलने पर थाने से पुलिस जांच टीम ने मौके का मुआयना किया। पुलिस टीम चोरी वारदात की जांच में जुट गई है।
पांवटा वार्ड-9 में महिला राजकुमारी (50) का परिवार रहता है। पांवटा नप उपाध्यक्ष व स्थानीय वार्ड पार्षद नवीन शर्मा ने कहा कि महिला के पास 3 बेटियां व एक बेटा है। रविवार को पूरा परिवार देहरादून गया था।
मौसम खराब होने के कारण आस पड़ोस के लोग भी बाहर कम ही थे। अज्ञात चोर ने दीवार फांद कर घर के भीतर प्रवेश किया। पत्थर से कमरे का ताला तोड़ कर भीतर प्रवेश किया।
इसके बाद घर में रखी अलमारी को पेचकश से उखाड़ा गया है। अलमारी में रखी ढाई लाख की नकदी, टैब, सोने के कड़े, दो मंगलसूत्र, डायमंड की रिंग, 2 सोने की चैन, 6 सोने की अंगुठियां व कानों की बालियां समेत करीब 8 लाख से अधिक की चोरी कर उड़ा ले गए।
देर शाम को परिवार देहरादून से वापस पांवटा पहुंचा। घर के बाहरी गेट का दरवाजा खोलने पर भीतर प्रवेश किया तो परिवार के सदस्यों ने कमरे व अलमारियों के ताले टूटे पाए। इसकी, सूचना पुलिस थाना पांवटा में कर दी गई। चोरी की वारदात स्थल पर पुलिस टीम पहुंची। टीम ने घर के भीतर पड़े पेचकश व पत्थर पुलिस टीम ने कब्जे में ले लिए हैं।
उधर, डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने शिकायत मिलने की पुष्टि कर कहा कि वार्ड-9 की महिला राजकुमारी ने शिकायत दर्ज करवाई है। इसके बाद पुलिस टीम चोरी मामले की जांच में जुट गई है।