शिलाई मंडल में विभाग को 1 करोड़ 42 लाख का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/सतौन(सिरमौर)। जिला सिरमौर में भारी बारिश से बंद सभी सड़कों को रविवार को लोक निर्माण विभाग ने बहाल कर दिया है। जिला में शिलाई मंडल की 18 और नाहन की दो सड़कें बंद थीं। रविवार शाम तक विभाग ने वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया है।
बारिश का सबसे अधिक नुकसान लोक निर्माण विभाग मंडल शिलाई को हुआ है। शिलाई मंडल की ओर से 1.42 करोड़ के नुकसान का आकलन किया गया है। शिलाई मंडल के अंतर्गत सतौन, कमरऊ, टिम्बी, शिलाई और रोन्हाट पांच उपमंडल हैं। इस दौरान नेड़ा-खजूरी, कफोटा-कोटि, शिल्ला-टटियाना, टिम्बी- मिल्ला-दिगवा, अछोटी-पंज्याठ, नाया-दाया-कुंहन्ट, शिलाई-बेला- बशवा, कोड़गा-सखोली के अलावा रोनहाट सब डिवीजन की कई सड़कें बंद थीं।
शिलाई मंडल के अधिशासी अभियंता रजनीश बंसल ने बताया कि मंडल की 18 सड़कें बंद थीं। इन्हें खोल दिया है। इस दौरान 1.42 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आकलन की रिपोर्ट विभाग के उच्चाधिकारियों को भेज गई है।
मौसम खुलने के बाद किसान अब नकदी फसलों तैयारियों में जुट गए हैं। धारटीधार, सैनधार और गिरिपार क्षेत्र में अब किसान मटर की बुआई करेंगे। वहीं टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च की पौध की तैयारियां भी किसानों ने शुरू कर दी है।